
– अष्टभुजा गेस्ट हाउस में दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

मीरजापुर, 11 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार सुबह विंध्याचल पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ विंध्यधाम में मां विंध्यवासिनी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उनके आगमन काे देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।
उपराज्यपाल मनाेज सिन्हा के आज सुबह मंदिर पहुंचने पर पुजारियों और मंदिर प्रशासन की ओर से उनका स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने मां विंध्यवासिनी के गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के दौरान उन्होंने कुछ समय तक मंदिर परिसर में रुककर मां के चरणों में माथा टेकते हुए आशीर्वाद लिया। यहां दर्शन-पूजन के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा अष्टभुजा क्षेत्र स्थित अष्टभुजा गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्हें पुलिस द्वारा औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उन्हें जिले की व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी भी दी।
उपराज्यपाल के आगमन को देखते हुए विंध्याचल क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भी उपराज्यपाल के आगमन को लेकर उत्साह देखा गया। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर की व्यवस्था की सराहना की और मां विंध्यवासिनी के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी का धाम देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक माना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। विशेष अवसरों और पर्वों पर यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
