जम्मू, 04 फ़रवरी (हि.स.)।

जम्मू (ग्रामीण) पुलिस ने निरंतर जांच और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से चिनोर में दो अलग-अलग चोरी के मामलों को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है जिसके परिणामस्वरूप आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और चोरी की संपत्ति बरामद हुई।
27 नवंबर 2025 को पुलिस चौकी चिनोर में अब्दुल रहमान के पुत्र अब्दुल हाफ़िज़ निवासी थथर बन तालाब जम्मू से एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई। शिकायतकर्ता ने बताया कि अज्ञात चोरों ने उनके घर में सेंध लगाई और लगभग 20 तोला सोने के आभूषण चुरा लिए।
तदनुसार पुलिस स्टेशन डोमाना में धारा 331(3)/305 बीएनएस के तहत एफआईआर संख्या 248/2025 दर्ज की गई और जांच पुलिस चौकी चिनोर के प्रभारी पीएसआई अर्जुन सिंह को सौंपी गई। जांच के दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की गई। निरंतर और अथक प्रयासों के बाद पुलिस चिनोर की टीम ने तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जिनकी पहचान
भदर अली पिता शेर मोहम्मद, निवासी केरन, बन तालाब, जम्मू, बंटी पिता राम पॉल, निवासी मकान नंबर 702, सेक्टर नंबर 3, भगवती नगर, तालाब टिल्लो, जम्मू और रियाज अहमद पिता मजीद अहमद, निवासी थाथर, बन तालाब, जम्मू के रुप में हुई।
उनके बयान के आधार पर, लगभग 15 तोला (लगभग 150 ग्राम) वजन के चोरी हुए सोने के आभूषण बरामद किए गए और प्रक्रिया के अनुसार पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। आगे और भी बरामदगी की उम्मीद है और जांच जारी है। यह बताना महत्वपूर्ण है कि आरोपी भादर अली आदतन अपराधी है जिसके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में पहले से ही चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
दूसरा एक अन्य मामले में जम्मू के बन तालाब के गुड्डा ब्राह्मणा निवासी भीर सिंह के पुत्र राकेश कुमार से शिकायत प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि रात के समय एक अज्ञात चोर ने उनके घर के बाहर खड़ी उनकी बुलेट मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या पीबी-07-बीडी-0983) चुरा ली। इसके बाद डोमाना पुलिस स्टेशन में धारा 303(2) बीएनएसएस के तहत एफआईआर संख्या 12/2026 दर्ज की गई और जांच का जिम्मा पुलिस चौकी चिनोर के प्रभारी पीएसआई अर्जुन सिंह को सौंपा गया।
जांच के दौरान पुलिस दल ने बाघ हुसैन नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खुलासे पर चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसके अतिरिक्त, उसके पास से 12 और चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार जब्त कर ली गईं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
