धर्मशाला, 14 मार्च (हि.स.)।

प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा को दूर-दराज के क्षेत्रों तक सुलभ बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और इसी दिशा में जयसिंहपुर महाविद्यालय भी लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। महाविद्यालय बेहतर शिक्षण संस्थान बनकर उभरा है और इसके विकास के लिए सरकार हर संभव सहयोग करेगी। यह बात आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने शनिवार को कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कही।
गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर कॉलेज पिछले कई वर्षों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में आधुनिक और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बीसीए और पीजीडीसीए की कक्षाएं शुरू करने के लिए गंभीर प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप अब छात्र-छात्राएं इन विषयों का अध्ययन कर पा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि कॉलेज में बेटियों ने शिक्षा, खेल और अन्य गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन कर अपना परचम लहराया है।
मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में कॉलेज के समग्र विकास के लिए प्रदेश सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। कॉलेज को खड्ड के कटाव से बचाने के लिए लगभग 20 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जिससे संस्थान की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि अगले वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह से पहले कॉलेज परिसर में कला मंच तथा बास्केटबॉल मैदान का निर्माण करवाया जाएगा।
गोमा ने कहा कि कॉलेज में टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी से संबंधित कोर्स शुरू करने के लिए भी प्रदेश सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को नए रोजगार अवसर प्राप्त हो सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
