जांजगीर-चांपा, 08 अप्रैल (हि. स.)। जिले के विभिन्न शासकीय उद्यानों में लगे आम फलों की नीलामी के लिए उद्यानिकी विभाग द्वारा तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। कार्यालय सहायक संचालक उद्यान जांजगीर की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 13 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक अलग-अलग विकासखंडों में नीलामी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी नीलामियां निर्धारित तिथियों में संबंधित उद्यानों में प्रतिदिन दोपहर 2 बजे आयोजित होंगी। कार्यक्रम के तहत 13 अप्रैल को विकासखंड बलैदा के शासकीय उद्यान रोपणी चारपारा, 15 अप्रैल को विकासखंड अकलतरा के शासकीय उद्यान रोपणी अमोरा, 16 अप्रैल को विकासखंड नवागढ़ के शासकीय उद्यान रोपणी पुटपुरा, 17 अप्रैल को विकासखंड बम्हनीडीह के करनौद रोपणी के लिए सहायक संचालक उद्यान जांजगीर (कुलीपोटा) तथा 20 अप्रैल को विकासखंड पामगढ़ के शासकीय उद्यान रोपणी मुड़पार में नीलामी आयोजित की जाएगी।
उद्यानिकी विभाग के अनुसार इस वर्ष आम की फसल अच्छी होने के कारण नीलामी में बेहतर प्रतिस्पर्धा की संभावना है। इच्छुक व्यक्ति नीलामी में भाग लेने से पहले संबंधित उद्यानों में जाकर फसल का निरीक्षण भी कर सकते हैं।
नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए आवेदकों को निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व दोपहर 2 बजे तक संबंधित स्थल पर आवेदन जमा करना अनिवार्य होगा। आवेदन के साथ पहचान पत्र प्रस्तुत करना भी आवश्यक रहेगा।
विभाग द्वारा इच्छुक नागरिकों से समय-सीमा का पालन करते हुए नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की गई है। अधिक जानकारी के लिए सहायक संचालक उद्यान कार्यालय जांजगीर अथवा संबंधित शासकीय उद्यानों में संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
—————
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT
