उरई, 12 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जालाैन के नोडल अधिकारी नियुक्त इन्द्र विक्रम सिंह ने जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के साथ सोमवार को विकासखंड कदौरा क्षेत्र के ग्राम उसरगांव में जन चौपाल कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों को पढ़कर सुनाई।

उन्होंने लाभार्थियों से सीधा संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लिया तथा स्थलीय सत्यापन भी किया। नोडल अधिकारी ने जन चौपाल में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों को योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने बच्चों को अन्नप्राशन कराया तथा गर्भवती महिलाओं काे पौष्टिक आहार वितरित किया, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश गया।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार लाभ अवश्य प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार, जिला विकास अधिकारी केके सिंह, उप जिलाधिकारी कालपी मनोज सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक कालपी नरेंद्र सिंह जादौन, ग्राम प्रधान सहित ग्रामवासी, लाभार्थी, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
