


सारण, 27 जनवरी (हि.स.)। जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र का जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली का सूक्ष्म निरीक्षण किया और छात्र-छात्राओं की सुविधाओं में विस्तार हेतु कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की डिजिटल समस्याओं के समाधान हेतु जिला योजना पदाधिकारी को निर्देशित किया कि सामान्य सेवा केंद्र के समन्वयक से तालमेल बिठाकर केंद्र पर ही एक वीएलई को स्थान उपलब्ध कराया जाए। इससे छात्र अपने ऑनलाइन फॉर्म और अन्य तकनीकी कार्य परिसर में ही निपटा सकेंगे। इसके अलावा उन्होंने बंद पड़े आधार कार्ड निर्माण केंद्र को अविलंब पुनः प्रारंभ करने का निर्देश दिया, छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण कैंटीन संचालन हेतु निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आदेश दिया।

जिलाधिकारी ने बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता भत्ता और कुशल युवा कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर बल देते हुए कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के सभी मानकों पर बेहतर कार्य कर जिले की रैंकिंग में सुधार लाया जाए।
उन्होंने लक्ष्य को बढ़ाते हुए शत-प्रतिशत पात्र विद्यार्थियों को लाभान्वित करने की बात कही। कुशल युवा कार्यक्रम के तहत चल रहे प्रशिक्षण केंद्रों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के सभी प्रशिक्षण केंद्रों का हर माह नियमित निरीक्षण किया जाए।
केंद्रों का संचालन सुदृढ़ हो ताकि विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिल सके।योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी महाविद्यालयों और उच्च विद्यालयों में विशेष काउंसलिंग कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही, डीआरसीसी परिसर में बड़े-बड़े फ्लैक्स और बैनर लगाने को कहा, जिनमें आवेदन प्रक्रिया और पात्रता की पूरी जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित हो।
इस निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
