जींद, 09 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस परिवार के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने सोमवार को कार्यालय में विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न थाना व शाखाओं से आए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सेवा संबंधी समस्याएं खुलकर रखीं। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने प्रत्येक कर्मचारी की समस्या को गंभीरता से सुना तथा कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करते हुए संबंधित शाखा प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मी केवल कानून व्यवस्था के रक्षक ही नही बल्कि समाज की सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। इसलिए उनके कल्याणए मनोबल एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक संतुष्ट व प्रेरित पुलिस बल ही आमजन को बेहतर सेवा प्रदान कर सकता है।

मोबाइल पर एक गलत क्लिक से उड़ सकते हैं बैंक से पैसे : एसपी
एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराधियों से सावधान रहना बहुत जरूरी है। यदि आपने मोबाइल पर एक गलत क्लिक कर दिया तो आपके बैंक खाते से पैसे उड़ाए जा सकते हैं। इसलिए किसी भी सोशल मीडिया पर आए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करें। साइबर ठग फोन काल, वहाट्सअप मैसेज, सोशल मीडिया लिंक, फर्जी बैंक अधिकारी बन कर, केवाईसी अपडेट के नाम पर, ओटीपी मांग कर या ऑनलाइन नौकरी या लोन का झांसा देकर लोगों को ठग रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करें और किसी को भी अपना ओटीपी या पासवर्ड नहीं बताएं। यदि कोई भी संदेह हो तो तुरंत पुलिस को काल करें। एसपी ने पतंगबाजी के दौरान प्रतिबंधित चाइनीज मांझा का प्रयोग नहीं करने की अपील भी की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
