जींद, 04 फ़रवरी (हि.स.)। किसानों के साथ वर्मीकम्पोस्ट खाद बनाने, केंचुआ पालन के नाम पर 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के एक आरोपित को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी पूजा ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि गांव कंडेला निवासी राममेहर ने आठ अगस्त को सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। यमुनानगर के जगाधरी में सेक्टर 17 स्थित एग्रो नेचर फार्मिंग कंपनी वर्मीकम्पोस्ट बनाने के लिए केंचुआ फार्म बना कर केंचुआ पालन का काम करती है। यह फर्म केंचुए पालन के लिए 10 हजार रुपये प्रति बेड की दर से गोबरए केंचुआए पॉलीथिन सहित बेड तैयार करती है।
इसे कम से कम दो साल की अवधि के लिए तेयार किया जाता है। राममेहर ने बताया कि उसका इस कंपनी के साथ दो साल का इकरारनामा हुआ है। जिसके तहत उसने कंपनी तथा इसके पार्टनर करनाल जिले के बाजीदा गांव निवासी जोगेंद्र राज को 10 लाख रुपये शुरूआत में दिए थे। इनमें सात लाख 90 हजार रुपये चेक के जरिए और दो लाख 20 हजार रुपये की पेमेंट नकद की थी। इस कारोबार को चलाने के लिए उनके खर्चे भी हुए हैं। इसके अलावा उसने 10 लाख रुपये का चेक दिया हुआ था। यह कंपनी केंचुआ पालन के करारनामा के तहत दो साल से पहले ही काम छोड़कर फरार हो गई। इसमें राममेहर की एक एकड़ जमीन खराब हो गई और 10 लाख रुपये का नुकसान हो गया। तब उसे अहसास हुआ को साजिश के तहत उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। उसे कुल 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जब उसने आरोपी से रुपये मांगे तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कंपनी और उसके पार्टनर के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। इसी मामले में भिवानी रोड के साहिल बंसल और जलालपुर खुर्द के सुल्तान ने भी इस कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इन तीनों व्यक्तियों के साथ कुल मिला कर के 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी के जाने का मामला थाना सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज कर कंपनी और कंपनी के साझेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव वजीदा निवासी जोगेंद्र राज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
