जींद, 23 जनवरी (हि.स.)। गांव अकालगढ़ में एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस स्टाफ ने एक व्यक्ति को काबू कर उसके कब्जे से 466 ग्राम चरस बरामद की है। जुलाना थाना पुलिस ने नशा तस्कर के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पकड़े गए नशा तस्कर से नशा नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

डिटेक्टिव स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक यशवीर सिंह ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस स्टाफ को सूचना मिली थी कि गांव अकालगढ़ में एक व्यक्ति नशीले पदार्थ बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। वहां एक व्यक्ति संदिग्ध हालात में खड़े दिखाई दिया। जिस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए व्यक्ति को काबू कर लिया।
नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चरस बरामद हुई। जिसका वजन करवाने पर 466 ग्राम पाया गया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गांव अकालगढ़ निवासी राजबीर के रूप में हुई। जुलाना थाना पुलिस ने राजबीर के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नशा तस्कर से नशा नेटवर्क के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
