जींद, 02 फ़रवरी (हि.स.)। शहर थाना पुलिस ने शराब व्यवसाय से जुड़े कारोबारी से व्हाट्सअप पर कॉल कर पांच करोड़ की चौथ मांगने पर मामला दर्ज किया है। पीडित व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि कॉल करने वाले ने चौथ राशि न देने पर उसे जान से मारने की धमकी है। पीडि़त व्यक्ति कांग्रेस के जिला महासचिव के पद भी तैनात है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में नवीन ने बताया कि वह कांग्रेस के जिला महाचिव पद पर तैनात है। इसके साथ ही वह शराब का व्यवसाय भी करता है और उसके अपने शराब के ठेके हैं। रविवार रात को वह अपने कामकाज को निपटा रहा था। तभी उसके फोन पर व्हाट्सएप कॉल आई और कॉल करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का गुर्गा गांव गौरीपुर निवासी नवीन बॉक्सर बताया। जिसके बाद उसने पांच करोड़ रुपये की चौथ मांगी। चौथ राशि न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। शहर थाना पुलिस ने नवीन की शिकायत पर आरोपित नवीन बॉक्सर के खिलाफ चौथ मांगने तथा धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोमवार को जानकारी देते हुए रोहतक रोड चौकी प्रभारी अनिल ने बताया कि व्हाट्सअप कॉल पर धमकी देकर चौथ मांगने की शिकायत मिली थी। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
