कठुआ, 10 फरवरी (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज कठुआ में अध्यापन कार्य से जुड़े शिक्षकों के मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सप्ताह के हैप्पीनेस प्रोग्राम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोहर लाल ने कहा कि खुश और तनावमुक्त शिक्षक ही स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण की नींव होते हैं। उन्होंने मानसिक संतुलन, सकारात्मकता और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए इस तरह की पहल को अत्यंत आवश्यक बताया। उद्घाटन सत्र में आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों योगिंदर सिंह, डॉ. संतोष कुमारी और भगवती प्रसाद ने प्रतिभागियों को हैप्पीनेस प्रोग्राम की मूल अवधारणा, वैज्ञानिक श्वास तकनीकों, ध्यान और मानसिक शांति के लाभों से अवगत कराया। कॉलेज के शिक्षकों ने सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया और आगामी सत्रों में भागीदारी के प्रति रुचि व्यक्त की। यह एक सप्ताह का कार्यक्रम प्रतिदिन तनाव प्रबंधन, आत्म-जागरूकता और समग्र कल्याण पर केंद्रित सत्रों के साथ जारी रहेगा।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
