ज्योति कलश पंजीयन की तैयारी चल रही

बिलाई माता मंदिर में नवरात्रि की चल रही तैयारी
धमतरी, 14 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि 2026 के पावन अवसर पर शहर की आस्था का प्रमुख केंद्र श्री विंध्यवासिनी बिलाई माता मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजनों की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। मंदिर ट्रस्ट समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट, विद्युत व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की विशेष पंक्तियों की तैयारी की जा रही है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष आनंद पवार ने बताया कि, इस वर्ष भी नवरात्रि के दौरान ज्योति कलश प्रज्ज्वलन की विशेष व्यवस्था की गई है। ज्योति कलश प्रज्ज्वलन के लिए 1801 रुपये की राशि निर्धारित की गई है। इच्छुक श्रद्धालु 18 मार्च बुधवार की रात्रि आठ बजे तक मंदिर कार्यालय में राशि जमा कर अपना ज्योति कलश क्रमांक सुरक्षित करा सकते हैं। समिति ने अपील की है कि श्रद्धालु समय-सीमा का ध्यान रखते हुए पंजीयन कराएं, ताकि व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें। कलश स्थापना 19 मार्च गुरुवार को सायं सात बजे गोधूलि बेला में विधिवत मंत्रोच्चार और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उपस्थित रहने की संभावना है। मंदिर परिसर में प्रतिदिन माता की विशेष आरती, दुर्गा सप्तशती पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और श्रद्धा की अनुभूति होगी। 23 मार्च सोमवार को विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की जाएगी, जिसमें श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए भाग ले सकेंगे। नवरात्रि अनुष्ठानों का समापन 26 मार्च गुरुवार को सुबह 10 बजे से 11:48 बजे तक हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति के साथ होगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।श्री विंध्यवासिनी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष आनंद पवार ने बताया कि चैत्र नवरात्र में यहां लगभग 15 सौ जोत प्रज्जवलन का लक्ष्य है। मां अंगारमोती ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन लाल मरई ने बताया कि अंगारमोती मंदिर प्रांगण में चार हजार जाेत जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नवरात्रि के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पार्किंग, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। नवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
