

झाबुआ, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिला मुख्यालय पर सोमवार को संकल्प से समाधान अभियान के जिला स्तरीय शिविर एवं समापन कार्यक्रम का आयोजन जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर सहित जनप्रतिनिधिगण प्रशासनिक अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे। अभियान अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान मंत्रीजी को जिले की जनजातीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रतीक स्वरूप तीर कमान भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई आकर्षक प्रदर्शनी का भी मंत्री, विजय शाह द्वारा अवलोकन किया गया। उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए प्रदर्शनी की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि उक्त अभियान की शुरुआत 12 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार चार चरणों में की गई थी, जो 31 मार्च 2026 को संपन्न हुआ। अभियान के दौरान 544 नोडल अधिकारियों द्वारा समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्राप्त किए गए। कुल 83,195 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 83,012 का निराकरण किया गया। अभियान के अंतर्गत 106 सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ घर-घर सर्वे, ग्राम, क्लस्टर, विकासखंड एवं जिला स्तरीय शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर नेहा मीना ने अभियान के संबंध में जानकारी दी कि जिले की 375 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत 35 क्लस्टरों में शिविरों का सफल आयोजन किया गया तथा 2,400 फलियों में डोर-टू-डोर सर्वे कर योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वरोजगार एवं विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में जिला प्रदेश के शीर्ष जिलों में शामिल रहा है।
जिला स्तर पर अभियान की सफलता में स्थानीय भीली भाषा में संवाद, घर-घर सर्वे, दीवार लेखन, सोशल मीडिया जागरूकता एवं पोर्टल आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग जैसे नवाचारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा
