अगरतला, 12 अप्रैल (हि.स.)। त्रिपुरा ट्राइबल एरियाज़ ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल (टीटीएएडीसी) चुनाव के लिए रविवार को हुई वोटिंग के दौरान कई जगहों पर झड़प, बम धमाके, बूथ कैप्चरिंग जैसी अशांति के बीच समाप्त हो गई। मतदान आज सुबह 7 बजे शुरू हुई और शाम 5 बजे समाप्त हो गई।

त्रिपुरा स्टेट इलेक्शन कमीशन के सचिव अनुराग सेन को बताया गया है कि शाम 5 बजे तक 83 प्रतिशत मतदान हुई है। अंतिम आंकड़े मिलने के बाद बाद मतदान प्रतिशत और बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ शिकायतें मिलीं, लेकिन मतदान प्रक्रिया काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा।
उन्होंने कहा कि वोट में धांधली के आरोपों को देखते हुए, स्टेट इलेक्शन कमीशन ने सिपाहिजला जिले के पेकुरजाला-जनमेजयनगर असेंबली सीट के बूथ नंबर 17/39 पर दोबारा वोटिंग की घोषणा की है। उस बूथ पर 16 अप्रैल को दोबारा वोटिंग होगी।
अनुराग सेन ने बताया कि आज सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक 45 प्रतिशत वोट पड़े। उसके बाद दोपहर एक बजे तक 65 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे तक करीब 70 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। दिन चढ़ने के साथ मतदान में लगातार इजाफा होता चला गया।
अनुराग सेन ने कहा, हम पोलिंग की सभी रिपोर्ट इकट्ठा कर रहे हैं। अभी लगभग सभी पोलिंग स्टेशन बंद हैं। किसी बड़ी हिंसा की खबर नहीं है। हालांकि, कुछ जगहों पर छोटी-मोटी दिक्कतें देखी गईं, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें जल्दी सुलझा लिया। राज्य के कुछ हिस्सों में अफरा-तफरी की घटनाएं भी हुईं, जिन्हें भी कंट्रोल में कर लिया गया है। हमें किसी बड़ी अशांति की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। हम हालात पर करीब से नज़र रख रहे हैं। फिलहाल कुल मिलाकर हालात शांतिपूर्ण हैं। ईवीएम में भी कोई खराबी की खबर नहीं है। हालांकि, सुबह मॉक पोल के दौरान जहां दिक्कतें मिलीं, वहां मशीनें तुरंत बदल दी गईं। नतीजतन, मुख्य मतदान के दौरान ईवीएम से छेड़छाड़ की कोई घटना नहीं हुई।
इस बीच, राज्य पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिपाहिजला जिले के बॉक्सनगर इलाके में सात देसी बम फेंकने समेत कुछ छोटी-मोटी घटनाएं हुईं। जवाब में पुलिस ने बदमाशों को तितर-बितर करने के लिए पांच राउंड हवाई फायरिंग किए। हालात फिलहाल कंट्रोल में हैं। राज्य के दूसरे इलाकों में भी कुछ छोटी-मोटी घटनाएं हुई हैं। इनमें एक भाजपा उम्मीदवार की कार में तोड़फोड़ भी शामिल है। एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इन घटनाओं के अलावा, कुल मिलाकर स्थिति शांतिपूर्ण है।
दूसरी ओर, स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आज सुबह मतदान शांति से शुरू हुई, लेकिन दोपहर बाद कई इलाकों में अचानक स्थिति गर्म हो गई। कई बूथों पर छिटपुट झगड़े हुए, जिससे कई लोग घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर, कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान प्रतिशत लगभग ज़ीरो हो गया।
पता चला है कि अलईचारा इलाके में कम से कम तीन बम फेंके गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। दूसरी ओर, भाजपा के उम्मीदवार संजीव रियांग सेंटर नंबर 26 के बूथ नंबर 35 के तहत अनंत सरदार पारा में हुई झड़प में घायल हो गए।
इसके अलावा, देवदारू इलाके में कम से कम पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जोलाईबाड़ी सोशल हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस साल के टीटीएएडीसी चुनावों में, कुल 9,62,697 वोटर हैं, जिनमें 4,82,025 पुरुष हैं, वोटर लिस्ट में 4,80,666 महिलाओं और 6 थर्ड जेंडर के नाम हैं। इनमें से 28 इलेक्शन सेंटर पर वोटिंग हुई। कुल 173 उम्मीदवारों ने चुनाव में हिस्सा लिया। इस साल के टीटीएएडीसी चुनाव में भाजपा, टिपरा माथा, लेफ्ट फ्रंट, कांग्रेस, आईपीएफटी समेत कई राजनीतिक पार्टियां हिस्सा ले रही हैं।
स्टेट इलेक्शन कमीशन ने कहा कि पूरे चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और स्वतंत्र रखने के लिए सभी कदम उठाए गए हैं। कानून और व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ करने के लिए, सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स की 24 कंपनियों को राज्य के अलग-अलग इलाकों में तैनात किया गया था।
——————–
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
