– तिरंगा लेकर नाचे फैंस, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय क्रिकेट टीम को दी बधाई

भोपाल, 05 मार्च (हि.स.)। आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम की जीत के बाद मध्य प्रदेश में जश्न का माहौल देखने को मिला। राजधानी भोपाल में जमकर आतिशबाजी की गई तो वहीं, इंदौर में फैंस तिरंगा लेकर नाचे। साथ ही भारत माता की जय के नारे लगाए।
गुरूवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन हराकर फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय टीम चौथी बार टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। खिताबी मुकाबले में अब उसका सामना आठ मार्च को न्यूजीलैंड से होगा।
टीम इंडिया की जीत के साथ ही मध्य प्रदेश में जश्न का माहौल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी टी-20 विश्व कप सीरीज में भारत की इंग्लैंड पर शानदार विजय के लिए भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि भारत सीरीज के अंतिम मुकाबले में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अवश्य जीतेगा।
सेमीफाइनल मैच से पहले उज्जैन में क्रिकेट फैंस ने टीम इंडिया की जीत के लिए प्रसिद्ध अंगारेश्वर मंदिर में पूजन-अर्चन किया था। करीब 50 से ज्यादा पंडितों और श्रद्धालुओं ने भारतीय खिलाड़ियों की फोटो शिवलिंग के पास रखकर विशेष प्रार्थना की थी। जीत के बाद उज्जैन समेत प्रदेश के कई शहरों में क्रिकेट प्रेमियों ने आतिशबाजी कर खुशी जताई। उज्जैन के टॉवर चौक पर युवाओं ने जश्न मनाया।
इंदौर के हृदय स्थल राजबाड़ा पर भारतीय टीम की इंग्लैंड के खिलाफ जीत का जमकर जश्न मना। टीम इंडिया की जीत होते ही क्रिकेट प्रेमी टीवी स्क्रीन छोड़कर अपनी गाड़ियों से राजवाड़ा की ओर रवाना होने लगे। देखते ही देखते राजवाड़ा पर क्रिकेट दीवानों की भीड़ इकट्ठा हो गई। चारों ओर तिरंगे लहराने लगे और भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। युवाओं ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया, तो कई लोग देशभक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। भोपाल में फैंस हाथों में तिरंगा लेकर निकले।
शाजापुर में पटाखे फोड़े, भारत माता के जयकारे
टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत की जीत के बाद शाजापुर में जश्न का माहौल देखने को मिला। जैसे ही टीम इंडिया ने मैच जीता, लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए और जमकर पटाखे फोड़कर खुशी मनाई। शहर के बस स्टैंड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर एलसीडी लगाकर बड़ी संख्या में लोग मैच देख रहे थे। भारत की जीत होते ही वहां मौजूद क्रिकेट प्रेमी उत्साह से झूम उठे और एक-दूसरे को बधाई दी।
देवास में लगे भारत माता के जयकारे
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले पर देवास में भी लोगों की नजर टिकी रही। शहर की कई दुकानों पर एलईडी लगाकर क्रिकेट प्रेमी मैच का लुत्फ उठाते रहे। मैच के आखिरी ओवरों में रोमांच चरम पर था। जैसे ही भारतीय टीम जीत की ओर बढ़ी, वहां मौजूद लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। भारत की रोमांचक जीत के बाद क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाई दी। शहर में देर तक जीत की खुशी का माहौल बना रहा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
