नई दिल्ली, 16 फ़रवरी (हि.स.)। आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के दौरान नामीबिया ने अपनी टीम में बदलाव करते हुए एलेक्स वोल्सचेंक को चोटिल बेन शिकोंगो की जगह शामिल किया है। शिकोंगो भारत के खिलाफ 12 फरवरी को खेले गए मुकाबले में दाहिनी जांघ में चोट लगने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

वोल्सचेंक को आधिकारिक तौर पर शामिल करने को आईसीसी की मंजूरी मिल चुकी है। दिल्ली में खेले गए उस मैच में नामीबिया को मेजबान भारत के हाथों 93 रन से करारी हार झेलनी पड़ी थी। लगातार तीन मैच हारने के बाद नामीबिया सुपर-8 की दौड़ से बाहर हो चुकी है। नामीबिया का टूर्नामेंट में अंतिम मुकाबला 18 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होगा।

स्कॉटलैंड की टीम में जैक जार्विस की एंट्री
स्कॉटलैंड ने भी अपनी टीम में बदलाव करते हुए जैक जार्विस को सफयान शरीफ की जगह शामिल किया है। जार्विस के नाम स्कॉटलैंड के लिए आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच दर्ज हैं और वह पहले से टीम के साथ ट्रैवलिंग रिजर्व के रूप में जुड़े हुए थे।
तेज गेंदबाज सफयान शरीफ को 12 फरवरी को टीम ट्रेनिंग सत्र के दौरान दाहिनी कमर (ग्रोइन) में चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
किसी भी खिलाड़ी के आधिकारिक प्रतिस्थापन के लिए टूर्नामेंट की इवेंट टेक्निकल कमेटी की मंजूरी आवश्यक होती है। मंजूरी मिलने के बाद ही नए खिलाड़ी को औपचारिक रूप से टीम में शामिल किया जाता है।
———–
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे
