वाशिंगटन, 23 फरवरी (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेक्सिको से मादक पदार्थों और ड्रग कार्टेल के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करने की अपील की है। यह बयान मेक्सिको में सैन्य अभियान के दौरान कुख्यात कार्टेल सरगना नेमेसियो “एल मेन्चो” ओसेगुएरा सर्वांतेस के मारे जाने के बाद आया।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा, “मेक्सिको को कार्टेल और ड्रग्स के खिलाफ अपने प्रयास तेज करने चाहिए!”

व्हाइट हाउस के अनुसार, इस ऑपरेशन में अमेरिका ने खुफिया जानकारी साझा कर सहयोग दिया था। हालांकि मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम ने स्पष्ट किया कि अभियान में अमेरिकी सैनिकों की कोई प्रत्यक्ष भागीदारी नहीं थी, बल्कि केवल “सूचना का आदान-प्रदान” हुआ था।
ट्रंप ने अपने पोस्ट में पूर्व कार्यवाहक डीईए प्रशासक डेरेक माल्ट्ज की भी सराहना की। फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में माल्ट्ज ने मौजूदा स्थिति को “दुनिया के लिए चेतावनी” बताते हुए कहा था कि मेक्सिकन कार्टेल की गतिविधियां गंभीर खतरा हैं।
मेक्सिको और अमेरिका के बीच ड्रग तस्करी और संगठित अपराध लंबे समय से द्विपक्षीय संबंधों का अहम मुद्दा रहे हैं। हालिया कार्रवाई के बाद दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग पर एक बार फिर ध्यान केंद्रित हो गया है।
—————–
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय
