नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी जिले के पश्चिम विहार ईस्ट इलाके में सोमवार देर रात सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात करीब 11:13 बजे थाना पश्चिम विहार ईस्ट में डीडी नंबर 122-ए के तहत एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। जिसमें पंजाबी बाग से पीरागढ़ी चौक की ओर जाने वाली सड़क पर मेट्रो पिलर नंबर 213 के पास हादसे की सूचना दी गई थी।
खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवक मृत अवस्था में पाया गया। उसकी पहचान कृष्ण मोहन (19) के रूप में हुई। वह पीरागढ़ी कैंप दिल्ली में रहते थे। मौके पर उसकी काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हालत में मिली।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच के दौरान पाया गया कि ट्रक नंबर जिसने टक्कर मारी थी, घटनास्थल पर ही क्षतिग्रस्त हालत में खड़ा था। स्थानीय लोगों ने चालक को मौके से भागने नहीं दिया और पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आरोपित चालक की पहचान सौरभ कुमार (26) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक के पास कोई वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
