पलामू, 02 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के पांकी थाना क्षेत्र के आसेहार पंचायत के कुसडी गांव के टोला पुरानी बथान में रविवार को अंधविश्वास में एक ही परिवार के विजय भुइंया (45), उसकी पत्नी हेमंती देवी (40) और पुत्र छोटू कुमार (15) की टांगी से काटकर हत्या कर दी गई। वहीं बेटी ममता कुमारी का गला काट दिया गया।

घटना में बहु नीतू देवी बाल बाल बच गई। घटना को मृतक के सगे भाई रविंद्र भुइयां और प्रमोद भुइयां ने अंजाम दिया है। दोनों मौके से फरार बताए गए हैं। घटना से कुछ घंटे पहले आरोपिता के पिता 65 वर्षीय महेशी भुइयां की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। पिता की मौत को रविंद्र और प्रमोद ने भूत-प्रेत से मौत मानकर घटना को अंजाम दिया।
दूसरे दिन सोमवार को गांव में चार शवों का दाह-संस्कार किया गया। विजय, हेमंती और छोटू के दाह संस्कार में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर शामिल हुए। मंत्री ने पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली और चिंता व्यक्त की।
उन्होंने मृतक परिवार के दोनों बच्चों को मंत्री कोटे से 1-1 लाख रुपये देने की बात कही। इसके अलावे दो डीप बोरिंग लगाने की भी घोषणा की।
मंत्री ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्य जनक बताया। उन्होंने कहा कि पुरानी बथान टोला तक सिर्फ पुलिस गई है, लेकिन आज तक पांकी प्रखंड के कोई भी प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचे हैं। किशोर ने कहा कि मौजूदा दौर में डायन बिसाही के नाम पर निर्मम हत्याएं होना यह बताता हैै कि आज भी समाज शैक्षणिक रूप से कितना पीछे है। जरूरत है कि ऐसे गांव और टोलो को चिन्हित कर लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि डायन बिसाही के नाम पर निर्मम हत्या ना हो।
मृतक परिवार के परिजनों ने कहा कि उन्हें धमकी दी जा रही है कि उनके परिवार में से तीन अन्य लोगों की भी हत्या की जाएगी। इसलिए वे सभी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि पुरानी बथान टोला गांव जंगल और पहाड़ों के बीच में अवस्थित है। वहीं मृतक के परिजनों के पास ढंग का मकान भी नहीं है। वे ईट के टूटे-फूटे मकान में रहते हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
