मुंबई, 16 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कोपरी इलाके में राशनिंग डिपार्टमेंट के राशन डिस्ट्रीब्यूशन फ्लाइंग स्क्वाड और पुलिस डिपार्टमेंट ने गुरुवार को तडक़े 20 हज़ार लीटर गैर-कानूनी डीज़ल से भरा एक टैंकर ज़ब्त किया है। यहां जब्त किए गए डीजल की कीमत 53 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

राशनिंग डिस्ट्रीब्यूशन फ्लाइंग स्क्वॉड के अधिकारी ने आज बताया कि उनकी टीम को एक टैंकर में अवैध तरीके से डीजल की तस्करी किए जाने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर फ्लाइंग स्क्वॉड और कोपरी पुलिस स्टेशन की टीम ने कोपरी इलाके में निगरानी रखी थी। आज तडक़े जैसे ही संदिग्ध टैंकर दिखा, पुलिस ने टैंकर को रोककर तलाशी ली। इंस्पेक्शन के दौरान जब संबंधित टैंकर में करीब 20 हज़ार लीटर डीजल मिला , जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
