नई दिल्ली, 10 फ़रवरी (हि.स.)। डाक विभाग ने देशभर में म्यूचुअल फंड से जुड़ी सुविधाएं आम लोगो तक पहुंचाने के लिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड के साथ म्यूचुअल फंड वितरण को लेकर समझौता किया है। इससे डाक विभाग अपने नेटवर्क के जरिए पूरे देश में एनएसई म्यूचुअल फंड लेन-देन के लिए अपने डिजिटल प्लेटफार्म की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

केंद्रीय संचार मंत्रालय के अनुसार यहां हुए इस कार्यक्रम में डाक विभाग की ओर से मनीषा बंसल बादल और एनएसई की ओर से श्रीराम कृष्णन ने समझौते पर दस्तखत किए। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समझौता 3 सालों के लिए किया गया है। योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। शुरुआती चरण में पायलट परियोजना शुरू की जाएगी।

मंत्रालय ने बताया कि डाक विभाग देशभर के 1.64 लाख से अधिक डाकघरों के माध्यम से यह सेवा देगा। एनएसई म्यूचुअल फंड लेन-देन के लिए अपने डिजिटल प्लेटफार्म की सुविधा उपलब्ध कराएगा। इसमें ऑर्डर से लेकर सेटलमेंट तक की पूरी प्रक्रिया शामिल होगी। सभी कार्य सेबी के नियमों के तहत होंगे। समझौते के तहत डाक विभाग के चुनिंदा कर्मचारियों को म्यूचुअल फंड वितरक के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्हें आवश्यक प्रमाणन दिया जाएगा। एनआईएसएम प्रमाणन और ईयूआईएन पंजीकरण अनिवार्य होगा।
एनएसई ने कहा कि यह सहयोग पूंजी बाजार से जुड़े उत्पादों को आम लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा। डिजिटल प्लेटफार्म के जरिए निवेश प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा।
———–
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर
