डरते हुए पति को बताया तब दर्ज कराया गया मुकदमा

झांसी, 19 अप्रैल (हि.स.)। आधुनिकता और विज्ञान के युग में भी अंधविश्वास के चलते लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला रविवार काे झांसी महानगर के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां एक ढोंगी बाबा ने शिक्षित महिला को झांसे में लेकर लाखों की ठगी कर ली।
आल्हा घाट निवासी भारत भूषण ने बीते रोज पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब छह महीने पहले एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पत्नी सृष्टि साहू से मोबाइल मैसेज के जरिए संपर्क किया। आरोपित ने खुद को आध्यात्मिक समस्याओं का समाधान करने वाला बताकर विश्वास जीत लिया। धीरे-धीरे उसने महिला को अपने जाल में फंसा लिया और घर पर बड़ा संकट आने की बात कहकर डराने लगा। उसने यह भी कहा कि उसकी बात न मानने पर परिवार पर अनहोनी हो सकती है, यहां तक कि बच्चे की मौत तक हो सकती है।
इन बातों से घबराई महिला आरोपित के झांसे में आ गई। 12 अप्रैल 2026 की रात करीब 9:45 बजे आरोपित के कहने पर उसने सोने-चांदी के जेवरात, करीब एक किलो चांदी, कीमती बर्तन और 80 हजार रुपये नकद उसे सौंप दिए। ठगी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपित ने इस दौरान कुछ फोटो और वीडियो भी बनाए।
पति भारत भूषण को एक-दो दिन पहले ही घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद दंपती को ठगी का अहसास हुआ और वे तुरंत सीपरी बाजार थाने पहुंचे।
इनका है कहना
कार्यवाहक थाना प्रभारी सीडी यादव के अनुसार, पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपित के मोबाइल नंबर आदि के आधार पर जांच में जुटी है। जल्द ही आरोपित काे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया
