कन्याकुमारी, 27 मार्च (हि.स.)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का ऐलान होते ही राज्य में राजनीतिक बिसात बिछना शुरू हो गई है। इसी बीच तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नयिनार नागेंद्रन ने अपनी पारंपरिक तिरुनेलवेली सीट छोड़कर विरुधुनगर जिले की सत्तूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उनके इस निर्णय से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नयिनार नागेंद्रन ने शुक्रवार को पहले कन्याकुमारी स्थित प्रसिद्ध भगवती अम्मन मंदिर में दर्शन किए। इसके
बाद यहां पत्रकारों से बात करते हुए स्पष्ट किया कि वे इस बार पारंपरिक तिरुनेलवेली सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगे। नागेन्द्रन ने कहा कि वे इस बार
वे विरुधुनगर जिले की सत्तूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने पत्रकाराें से कहा कि युद्ध जैसे हालात के बावजूद केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क कम किया है। उन्होंने मांग की इसी तरह तमिलनाडु सरकार को भी करों में कमी करनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नागेंद्रन ने डीएमके पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक बयान देने वाले नेताओं पर राज्य सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि के. अन्नामलाई के चुनाव लड़ने का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में अन्य दलों के शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन गठबंधन की जीत तय है। उन्होंने यह भी कहा कि सीटों का बंटवारा आपसी बातचीत से तय हुआ है और कुछ जिलों में सहयोगी दलों को अधिक सीटें दी गई हैं, जबकि कुछ जगहों पर भाजपा को ज्यादा सीटें मिली हैं।
नागेंद्रन ने कहा कि चुनाव के बाद भी मुख्यमंत्री एडप्पाड़ी के. पलानीस्वामी ही बनेंगे। साथ ही उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि उसने पिछले पांच वर्षों में जनता की बजाय केवल पारिवारिक मामलों पर ध्यान दिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV
