जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। बढ़ते तापमान और तेज गर्मी को देखते हुए जयपुर में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। संभावित हीटवेव के मद्देनजर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत तथा जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

दोनों अधिकारियों ने बताया कि लू के प्रभाव से शरीर का तापमान तेजी से बढ़ जाता है, जिससे चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार लेना जरूरी है।
उन्होंने सलाह दी कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढक कर निकलें और हल्के रंग के सूती वस्त्र पहनें। किसान, मजदूर एवं खुले में काम करने वाले लोग समय-समय पर छाया में विश्राम करें और पर्याप्त मात्रा में पानी, छाछ या ओआरएस का सेवन करते रहें। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई गई है।
डिप्टी सीएमएचओ (हेल्थ) जयपुर प्रथम डॉ. इंद्रा गुप्ता तथा जयपुर द्वितीय डॉ. सुरेंद्र कुमार गोयल ने बताया कि चिकित्सा संस्थानों में हीटवेव से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत ओपीडी रजिस्ट्रेशन एवं दवा वितरण काउंटर पर छाया की व्यवस्था, स्वच्छ और ठंडे पेयजल की उपलब्धता, वेटिंग एरिया में शेड तथा संस्थानों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसके साथ ही आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार गतिविधियां चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि लोग हीटवेव से बचाव के उपाय अपनाकर सुरक्षित रह सकें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
