दमोह, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में पेट्रोल, डीज़ल, सीएनजी और घरेलू गैस की उपलब्धता को लेकर गुरुवार को कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने स्पष्ट किया कि जिले में इन सभी आवश्यक ईंधनों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट की स्थिति उत्पन्न न करें।

कलेक्टर ने बताया कि भारत सरकार से प्राप्त ताज़ा जानकारी के अनुसार भारतीय टैंकरों को आवाजाही की अनुमति मिल चुकी है, जिससे तेल की आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं है। जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीज़ल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
गैस बुकिंग में तकनीकी समस्या का कारणकलेक्टर ने बताया कि घरेलू गैस को लेकर भी जिले में कोई कमी नहीं है। प्रारंभिक स्तर पर जो समस्या सामने आई है, उसका मुख्य कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा एक साथ टोल फ्री नंबर और वेबसाइट पर कॉल तथा अनुरोध करना है। इससे कई बार सर्वर पर तकनीकी दबाव बढ़ जाता है और बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित होती है।
उन्होंने बताया कि गैस कंपनियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है और तकनीकी समस्या को जल्द दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही गैस कंपनियां मिस्ड कॉल के माध्यम से भी बुकिंग दर्ज कर लेती हैं, इसलिए उपभोक्ताओं को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
राज्य और केंद्र स्तर पर लगातार निगरानीकलेक्टर कोचर ने बताया कि इस पूरे विषय पर राज्य सरकार और केंद्र सरकार लगातार संपर्क में हैं और स्थिति की नियमित निगरानी की जा रही है। हाल ही में मुख्य सचिव द्वारा सभी जिलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
शिकायतों के लिए हेल्पलाइन और कंट्रोल रूमनागरिकों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यदि किसी उपभोक्ता को पेट्रोल, डीज़ल या गैस आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या आती है तो वे हेल्पलाइन नंबर 07812-350300 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।इस हेल्पलाइन पर खाद्य विभाग के अधिकारी और विशेष टीम तैनात रहेगी, जो प्राप्त शिकायतों को संबंधित कंपनियों तक पहुंचाकर उनका समाधान सुनिश्चित करेगी।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रशासन की निगरानीकलेक्टर ने बताया कि जमाखोरी, कालाबाजारी और अनावश्यक स्टॉकिंग की स्थिति को रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अलग-अलग निगरानी दल भी गठित किए गए हैं। ये दल गैस एजेंसियों और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखेंगे, ताकि पात्र उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों के साथ प्रतिदिन स्टॉक की समीक्षा भी की जाएगी, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव
