मीरजापुर, 27 जनवरी (हि.स.)। विन्ध्याचल पुलिस ने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देश पर की गई।

26 नवमबर 2025 को रीता देवी पत्नी हिंचलाल बिन्द, निवासी साड़ीगांव थाना माण्डा जनपद प्रयागराज ने थाना विन्ध्याचल में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया गया और अंततः उसकी हत्या कर दी गई। तहरीर के आधार पर थाना विन्ध्याचल में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने महिला सम्बंधी अपराध में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए गए।

मंगलवार को उप निरीक्षक राघवेन्द्र कुमार राय एवं उप निरीक्षक संतोष राय पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम सेमरी से तीनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में अतरलाल पुत्र स्वर्गीय राजाराम, विकास पुत्र अतरलाल तथा प्रेमा देवी पत्नी अतरलाल शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अविनाश प्रकाश राय का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
