बक्सर, 02 फ़रवरी (हि.स.)।

नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केके मंडल महिला महाविद्यालय के समीप रविवार की शाम एक 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सोहनीपट्टी निवासी कन्हैया पाण्डेय की पुत्री श्यामा कुमारी के रूप में हुई है। घटना उसके ससुराल में हुई, जहां उसका शव पंखे से लटकता पाया गया। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रविवार शाम करीब 8 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर शव कमरे में पलंग पर रखा मिला। मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि जब वह वहां पहुंचा तो श्यामा का शव दुपट्टे के फंदे से पंखे पर लटका हुआ था, जिसे उसने काटकर नीचे उतारा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही श्यामा को दहेज में दो लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पिता के अनुसार, रविवार को श्यामा ने फोन कर मायके ले चलने की बात कही थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की सूचना मिली। मामले में पुलिस ने पति राहुल चौबे और सास सीमा देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ननद की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा
