कोलकाता, 13 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हालिया उत्तर बंगाल दौरे को लेकर उठे विवाद के बीच केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की अटकलों के दौरान पश्चिम बंगाल सरकार ने दार्जिलिंग के जिलाधिकारी मनीष मिश्रा का तबादला कर उन्हें राज्य के गृह विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया है।

राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पश्चिम बंगाल सिविल सेवा अधिकारी सुनील अग्रवाल, जो वर्तमान में उत्तर बंगाल विकास विभाग में विशेष सचिव हैं, को अतिरिक्त प्रभार देते हुए दार्जिलिंग का जिलाधिकारी बनाया गया है।
यह प्रशासनिक फेरबदल उस समय हुआ है जब खबरें सामने आई थीं कि केंद्रीय गृह मंत्रालय राष्ट्रपति के पिछले सप्ताह उत्तर बंगाल दौरे से जुड़े विवाद के संदर्भ में सिलीगुड़ी के पुलिस आयुक्त सी. सुधाकर और मनीष मिश्रा की सेवाएं केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर लेने पर विचार कर सकता है।
हालांकि, राज्य सरकार की अधिसूचना की तारीख 12 मार्च दर्ज है, जो इन अटकलों के सामने आने के कुछ समय बाद की है। दावा किया जा रहा है कि मनीष को केंद्रीय खौफ से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है। ——————-
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
