नई दिल्ली, 09 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर सोमवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने मनी ट्रांसफर कारोबारी पर गोली चलाकर 80 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के वक्त कारोबारी के साथ उसका सहायक भी मौजूद था। गोली कर्मचारी के हाथ पर लगी और वह घायल हो गया जबकि कारोबारी बाल बाल बच गया।

वहीं बदमाश रकम लूटने के बाद कश्मीरी गेट की तरफ बाइक व नकदी समेत फरार हो गए। घायल अकील का जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। कारोबारी शाहिद की शिकायत पर शास्त्री पार्क पुलिस ने लूट, हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज करके आरोपितों की पहचान व तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, शाहिद का न्यू उस्मानपुर तीसरे पुश्ते पर मनी ट्रांसफर का अपना कारोबार है। अकील उनका सहायक है। शाहिद ने पुलिस को बताया सोमवार दोपहर वह करीब 80 लाख रुपये बैग में रखकर स्कूटी से अपने कर्मचारी अकील के साथ जा रहे थे। उन्हें सदर बाजार से होते हुए रकम लेकर गुरुग्राम जाना था। जब वह उस्मानपुर से दिल्ली सहारनपुर हाइवे होते हुए शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर पहुंचे। तभी बाइक पर हेलमेट लगाए तीन बदमाशों ने ओवरटेक करके उनकी स्कूटी रोक ली। एक बदमाश ने उनपर पिस्टल तान दी और रकम से भरा बैग लूटने लगा। कारोबारी व उसके कर्मचारी ने विरोध किया तो बदमाश ने करीब चार राउंड गोली चलाई। एक गोली कर्मचारी के हाथ पर जा लगी। इसके बाद आरोपित नकद से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
