कानपुर, 10 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के अपने संकल्प को लगातार साकार कर रही है। इसी क्रम में ‘दिव्यांगजन रोजगार अभियान 2.0’ के तहत 12 फरवरी को कानपुर नगर में विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला पांडु नगर स्थित जिला परियोजना प्रबंधन इकाई (कौशल विकास) परिसर में आयोजित होगा, जिसमें 200 से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए सीधा अवसर मिलेगा।

इस विशेष रोजगार मेले में देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। ऑटोमोबाइल क्षेत्र से टाटा मोटर्स और सैंडन विकास ग्रुप, आईटी और बीपीओ सेक्टर से कोजेंट ई-सर्विसेज लिमिटेड व साइफ्यूचर लिमिटेड तथा सर्विसेज और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र से कैनविन एवं असॉर्ट स्टाफिंग सर्विसेज लिमिटेड शामिल हैं। ये कंपनियां मैन्युफैक्चरिंग, आईटीईएस और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में नियुक्तियां प्रदान करेंगी।

मेले में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक दिव्यांग अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। चयन प्रक्रिया में पहले काउंसलिंग, इसके बाद दस्तावेजों का सत्यापन और अंत में कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा सीधा साक्षात्कार लिया जाएगा। रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। जिला प्रशासन ने इस रोजगार मेले के माध्यम से कम से कम 50 पात्र अभ्यर्थियों की तत्काल नियुक्ति का लक्ष्य निर्धारित किया है।
मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने मंगलवार काे बताया कि दिव्यांगजनों को सम्मानजनक और स्थायी रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। 12 फरवरी को आयोजित यह रोजगार मेला दिव्यांग युवाओं के हुनर और हौसले को देश की नामी कंपनियों से जोड़ने का सेतु बनेगा।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी पात्र दिव्यांग अभ्यर्थी अपनी शारीरिक बाधाओं के कारण पीछे न छूटे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
