प्रयागराज, 12 मार्च (हि.स.)। दुग्ध व्यवसाय से जुड़े किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत दुग्ध उत्पादन और विपणन को सशक्त बनाने के लिए बड़ी संख्या में नई दुग्ध सहकारी समितियों की स्थापना की गई है।

प्रयागराज दुग्ध सहकारी संघ के महाप्रबंधक मनीष कुमार चौधरी ने गुरुवार काे बताया कि मंडल में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान 120 नई दुग्ध सहकारी समितियां स्थापित की गई हैं। इनमें प्रयागराज में 50, फतेहपुर में 40, प्रतापगढ़ में 30 और कौशांबी में 10 समितियां शामिल हैं। इन समितियों से करीब पांच हजार किसानों और पशुपालकों को जोड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि ये समितियां किसानों से दूध खरीदकर दुग्ध संघ को उपलब्ध कराएंगी, जिससे किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सकेगा।
दुग्ध आपूर्ति में बढ़ोतरी
प्रयागराज दुग्ध सहकारी संघ द्वारा गांवों में दुग्ध सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध संग्रहण को बढ़ावा दिया जा रहा है। मंडल में पहले से लगभग 293 समितियां सक्रिय हैं, जिनमें प्रयागराज में 148, कौशांबी में 41, प्रतापगढ़ में 43 और फतेहपुर में 61 समितियां शामिल हैं।
नई समितियों के स्थापित होने से दुग्ध उत्पादक किसानों की आय में वृद्धि होने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को शुद्ध दूध की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। वर्तमान में इन समितियों से प्रयागराज में प्रतिदिन लगभग 8000 किलोग्राम दूध संग्रहित हो रहा है, जबकि पहले यह मात्रा लगभग 3000 किलोग्राम थी।
महाप्रबंधक मनीष कुमार चौधरी ने बताया कि समितियों से जुड़े पशुपालकों को निःशुल्क पशु आहार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रत्येक समिति से 50 से अधिक किसान और करीब 40 पशुपालक जुड़े हैं। इससे किसानों को अब दूधियों के हाथों औने-पौने दाम पर दूध बेचने की मजबूरी नहीं रहेगी और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
