भोपाल, 29 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास में जिला अस्पताल से प्रसूति के बाद छुट्टी लेकर नवजात शिशु और उसकी मां को घर ले जा रहे एक परिवार की कार को भोपाल बायपास चौराहे के पास गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार चार महिलाएं और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर पलट गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। घटना की सूचना के बावजूद 108 एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे घायलों की स्थिति और गंभीर हो गई। इसी दौरान अपनी फैक्टरी से घर लौट रहे उद्योगपति एवं कांग्रेस नेता मनोज राजानी मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए अपनी निजी गाड़ी से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर है और इलाज जारी है।

परिजनों ने बताया कि वे जिला अस्पताल से डिलीवरी के बाद अपनी बेटी को उसके ससुराल भोरासा ले जा रहे थे। भोपाल बायपास चौराहे के पास पीछे से आए अज्ञात ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। सभी घायल मक्सी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे में घायलाें के नाम
गोवर्धन देवड़ा
मीरा बाई देवड़ा
गौरव देवड़ा
कीर्ति देवड़ा पत्नी योगेश देवड़ा
तारा बाई देवड़ा पत्नी हरिशंकर देवड़ा
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
