मीरजापुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में हलिया थाना क्षेत्र के हलिया–ड्रमंडगंज मार्ग पर हथेड़ा गांव के पास सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को ट्रामा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया।

राजपुर गांव निवासी 35 वर्षीय राजन सिंह गुर्जर अपनी बहन रविता को हाईस्कूल की परीक्षा दिलाने भटवारी स्थित जगधारी प्रसाद इंटर कॉलेज जा रहे थे। हथेड़ा गांव के पास सामने से आ रहे जिगना थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी 19 वर्षीय मनोज कुमार सिंह की बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। मनोज स्वतंत्र फाइनेंस कंपनी में कार्यरत बताया गया है।

टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस कर्मी दिलीप यादव (पायलट) व ईएमटी राजकुमार घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
