हाथरस, 04 मार्च (हि.स.)। सादाबाद थाना क्षेत्र स्थित जलेसर रोड पर गंदे नाले के पास दो मोटर साइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक मासूम बच्चे की जान चली गई, जबकि तीन लोग घायल हो गये। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद भेजा।

थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि अलीगढ़ के इगलास थाना क्षेत्र के गांव नगरिया निवासी मुकेश कुमार पत्नी प्रीति, साली नव्या और छह साल के पुत्र वरुण के साथ बाइक से अपने गांव से ससुराल जलेसर जा रहे थे। जैसे ही वे सादाबाद-जलेसर मार्ग पर गंदे नाले के पास पहुंचे, सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लाया गया। वहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान वरुण को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

थाना प्रभारी ने बताया कि दो मोटर साइकिलाें की आमने-सामने टक्कर में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच कर रही है।——————-
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना
