धमतरी, 14 मार्च (हि.स.)। आगामी जनगणना 2027 के तहत पहले चरण का कार्य धमतरी नगर निगम क्षेत्र में प्रारंभ कर दिया गया है। इस चरण में शहर के सभी वार्डों में घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और भवनों की गणना की जा रही है। इसके अंतर्गत प्रत्येक मकान को क्रमांकित कर उसका प्रारंभिक विवरण तैयार किया जा रहा है।

नगर निगम प्रशासन द्वारा इस कार्य के लिए प्रगणकों और फील्ड ट्रेनरों की नियुक्ति कर दी गई है। सर्वे टीम जल्द ही घर-घर जाकर जानकारी संकलित करेगी। इस प्रक्रिया का उद्देश्य शहर के प्रत्येक भवन का सटीक रिकॉर्ड तैयार करना है, जिससे आगामी जनगणना के लिए आधारभूत आंकड़े उपलब्ध हो सकें।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सर्वे कार्य में लगे प्रगणकों और कर्मचारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।।अधिकारियों के अनुसार मकान सूचीकरण का कार्य चरणबद्ध तरीके से सभी वार्डों में संचालित किया जाएगा। यह प्रारंभिक प्रक्रिया शहर की जनसंख्या, आवासीय स्थिति और मूलभूत सुविधाओं के आकलन में अहम भूमिका निभाएगी, जिससे भविष्य की विकास योजनाओं को बेहतर ढंग से तैयार किया जा सकेगा। इस संबंध में आयुक्त प्रिया गोयल और उपायुक्त पीसी सार्वा ने निगम कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम ने मकान सूचीकरण का कार्य 25 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
