धमतरी, 06 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री द्वारा विद्यार्थियों से संवाद का लोकप्रिय कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा का नौवां संस्करण छह फरवरी पूरे देश में उत्साहपूर्वक आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश-विदेश में रह रहे विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से वर्चुअल संवाद कर परीक्षा के तनाव, लक्ष्य निर्धारण और आत्मविश्वास जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया।

इसी कड़ी में धमतरी के बठेना वार्ड स्थित महेतरू राम धीवर उत्कृष्ट आत्मानंद शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के साथ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू कार्यक्रम से जुड़ीं और छात्रों को संबोधित करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि भारत का हर विद्यार्थी जिस संवाद की प्रतीक्षा करता है, वह है प्रधानमंत्री के साथ परीक्षा पे चर्चा। आज यह प्रतीक्षा समाप्त हुई और करोड़ों छात्रों को मार्गदर्शन मिला।
रंजना साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह अपनापन और मार्गदर्शन आज के युवाओं को स्पष्ट सोच और अजेय आत्मबल के साथ भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार कर रहा है। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में जब छात्र तनाव और दबाव महसूस करते हैं, तब देश का नेतृत्व एक अभिभावक की भूमिका में आकर परीक्षा को “उत्सव” की तरह लेने की प्रेरणा देता है, जिससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास नई ऊंचाइयों तक पहुंचता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी दबाव का सामना करने के लिए स्वयं को मानसिक रूप से मजबूत बनाना आवश्यक है। दबाव को मन की स्थिति से जीतना होगा और अपनी समस्याओं पर परिवार एवं शिक्षकों से खुलकर चर्चा करनी चाहिए। प्रधानमंत्री से मिले मार्गदर्शन को आत्मसात कर आगे बढ़ते हुए शिक्षा के माध्यम से देश को सशक्त और वैभवशाली बनाने में योगदान देना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि भरत नाहर, वार्ड पार्षद श्यामलाल नेताम, प्राचार्य रविंद्र कुमार साहू, व्याख्याता लीना जेठवा, गोपाल राम साहू, दीपमाला आहूजा, परवेज अली, रवि यादव, नीता नेताम, पोलेन्द्र करहाल, दीपक कुमार साहू, अमित कुलदीप, संगीता अग्रवाल, निभा वर्मा, अपर्णा सोनी, परमानंद देवांगन, मानिकराम सिन्हा, संतोष चौधरी, प्रवीण कुमार मरकाम, प्रवीण कुमार नायक, शीतल सोनी, वर्षा केशवानी, वीरेंद्र मारकण्डे, क्षमता ठाकुर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
