धमतरी, 04 फ़रवरी (हि.स.)। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की निर्धारित तिथि समाप्त होने के बाद सरकार ने वंचित किसानों के लिए 4 और 5 फरवरी को पुनः धान खरीद की तिथि घोषित की है, जिसमें किसान समर्थन मूल्य पर अपना धान विक्रय कर सकेंगे। लेकिन धमतरी जिले के ग्राम डाही स्थित धान खरीद केंद्र में खरीद की प्रक्रिया को लेकर किसानों में नाराजगी देखी जा रही है।

किसानों का आरोप है कि डाही धान खरीद केंद्र में प्रत्येक कृषक से 25 प्रतिशत धान समर्पण करने के बाद ही टोकन दिया जा रहा है। वहीं केवल दो दिन में धान खरीद होनी है, इसके बावजूद किसी स्पष्ट आदेश के बिना हल्का पटवारी द्वारा सत्यापन की कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आ रही है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीद का प्रावधान है, लेकिन किसानों को केवल 15 क्विंटल धान का ही टोकन दिया जा रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
डाही के किसान पुनीत राम केसरिया, रुकेश नगारची, चंद्रहास ऊईके, श्रीराम सिन्हा और सेवक राम साहू ने कहा कि पूरा धान नहीं खरीदे जाने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान होगा। कर्ज चुकाना भी मुश्किल हो जाएगा, इसलिए सरकार को किसानों का पूरा धान खरीदना चाहिए।
अंगारा के किसान दयालु राम साहू ने भी समर्थन मूल्य पर पूरे धान की खरीदी की मांग की। वहीं सेजबहार के किसान योगेश साहू ने कहा कि जिन किसानों ने धान के स्थान पर अन्य फसलों की पैदावार ली है, उनसे समर्पण कराया जाए, लेकिन जिन किसानों ने पूरे खेत में धान की फसल ली है, उनका पूरा धान खरीदा जाना चाहिए।
सूत्रों के अनुसार डाही समिति केंद्र में 54 किसानों का लगभग 2800 क्विंटल धान खरीद शेष है। इस केंद्र में डाही के अलावा सेमरा सेनचूआ, कसही और अंगारा क्षेत्र के किसान भी धान विक्रय के लिए पहुंचते हैं।
इस संबंध में डाही समिति केंद्र के प्रबंधक बलराम साहू ने बताया कि प्रशासन द्वारा जो धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसी के अनुरूप टोकन जारी किए जा रहे हैं। वहीं धमतरी जिला डीएमओ सुनील राजपूत ने स्पष्ट किया कि सभी किसानों का पूरा धान खरीदा जाएगा और किसी भी किसान को वंचित नहीं किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
