
पिथौरागढ़/धारचूला, 16 मार्च (हि.स.)।

पंचशूल ब्रिगेड के कमांडर द्वारा सीमान्त क्षेत्र धारचूला में ऐतिहासिक रंग पुस्तकालय के नवीनीकरण का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों धारचूला में ज्ञान, शिक्षा और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। कुमाऊँ क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा रंग पुस्तकालय लंबे समय से स्थानीय समुदाय, विद्यार्थियों और युवाओं के लिए अध्ययन एवं ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।
इसके नवीनीकरण के माध्यम से पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर अध्ययन वातावरण और अधिक संसाधन उपलब्ध हो सकें। भारतीय सेना की यह पहल केवल अवसंरचना के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार और युवाओं को प्रेरित करना भी है।
पंचशूल ब्रिगेड द्वारा उठाया गया यह कदम भारतीय सेना की “राष्ट्र निर्माण में सहभागिता” की भावना को सुदृढ़ करता है और समाज के साथ उसके मजबूत संबंधों को दर्शाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल
