
धार, 22 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिनेश उदेनिया के नेतृत्व में टीम ने शनिवार देर रात कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरी एक आयसर वाहन को जब्त किया।

मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी अमले ने जेतपुरा–बगड़ी तुर्क रोड स्थित जीतल सोल्यूशन वेयरहाउस परिसर में दबिश दी। यहां खड़ी आयसर गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें 199 पेटियां बियर भरी मिलीं। वाहन से कुल 2388 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। मौके पर मौजूद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें देवकरण पुत्र सीताराम भूरिया, निवासी खिड़कियां जिला धार तथा गणेश पुत्र संतोष रेसवाल, निवासी पीपलगोन तहसील कसरावद जिला खरगोन शामिल हैं। दोनों के विरुद्ध म.प्र. आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) (क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जब्त्त की गई मदिरा और वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख रुपये आंकी गई है। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग द्वारा जिले में लगातार सघन जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
इस संबंध में आबकारी उप निरीक्षक राजकुमार शुक्ला ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि अवैध मदिरा संबंधी किसी भी सूचना को तुरंत विभाग तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi
