पूर्व मेदिनीपुर, 05 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी के बीच पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में रविवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने चुनावी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कई स्थानीय मतदाताओं ने उनसे मतदाता सूची से नाम कट जाने को लेकर सवाल किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि चुनाव आयोग स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटने की समस्या मुख्य रूप से स्थानीय निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एआरओ) से संबंधित तकनीकी कारणों के चलते हुई है। हालांकि अभी भी ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ा जा सकता है।
रविवार को अग्रवाल सबसे पहले नंदीग्राम के सरस्वती बाजार इलाके में पहुंचे और वहां स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी डर के चुनाव में भाग लें। आयोग की ओर से चुनाव से पहले और बाद में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान और उसके बाद नंदीग्राम, पटाशपुर और मयना क्षेत्रों में तनाव और हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं। इसी पृष्ठभूमि में इस बार आयोग विशेष सतर्कता बरत रहा है।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ पूर्व मेदिनीपुर के जिलाधिकारी निरंजन कुमार, पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, मतदाताओं की कतार व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए।
नंदीग्राम के विभिन्न इलाकों का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अग्रवाल ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले अशांति का रिकॉर्ड रहा है, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का लक्ष्य पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना है और किसी भी तरह की हिंसा या अशांति को सख्ती से रोका जाएगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह से बचें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें। आयोग की ओर से सभी आवश्यक सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजाम किए जा रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
