बरेली, 12 मार्च (हि.स.) । शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने कोतवाली से कुतुबखाना तक अभियान चलाकर सड़क किनारे लगाए गए ठेले-खोमचे और दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया। कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर दुकानदारों और निगम कर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई, लेकिन टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी।

सुबह अचानक निगम की अतिक्रमण हटाओ टीम बाजार क्षेत्र में पहुंची। टीम को देखते ही कई दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपना सामान समेट लिया, जबकि कुछ लोग विरोध करने लगे। निगम कर्मियों ने सड़क किनारे लगे अस्थायी ठेले और दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाकर रास्ता खाली कराया। अभियान के चलते पूरे बाजार क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर में जल्द ही स्वच्छ सर्वेक्षण की टीम आने वाली है। इस दौरान शहर की सफाई व्यवस्था के साथ ही बाजारों और प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण की स्थिति का भी निरीक्षण किया जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम ने बाजारों में अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाना शुरू किया है।
कोतवाली से कुतुबखाना तक का क्षेत्र शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल है। यहां सड़क किनारे सामान रखने और ठेले-खोमचे लगने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। अभियान के दौरान निगम टीम ने दुकानदारों को सड़क पर सामान न रखने की चेतावनी भी दी।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम ने अतिक्रमण करने वालों से करीब 10 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला। राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद ने बताया कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि सड़क पर सामान न रखें और नगर निगम के अभियान में सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
