कोहिमा, 09 अप्रैल (हि.स.)। नगालैंड में कोरिडांग विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में मतदान शुरू होने के साथ ही काफी वोटिंग हुई। चुनाव आयोग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, दाेपहर एक बजे तक मतदान का प्रतिशत 59.52 रहा। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ तथा 11 बजे तक कोरिडांग सीट पर मतदान 41.06 प्रतिशत था। चुनाव आयोग ने बताया कि वोटरों की मौजूदगी के साथ यह धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है।

यह उपचुनाव भाजपा विधायक इमकोंग एल इमचेन की मौत के बाद हो रहा है। उपचुनाव में दो उम्मीदवारों ने खासा ध्यान खींचा है। वे हैं भाजपा उम्मीदवार दाओचियर आई इमचेन, जो दिवंगत विधायक इमकोंग एल इमचेन के बेटे हैं और कांग्रेस उम्मीदवार टी चालुकुंबा एओ।
प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। आसानी से वोटिंग सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
