अमेठी, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद में बाजार शुक्ल थाना अंतर्गत होली के दौरान बुधवार को गोमती नदी में डूबे युवक का शव गुरुवार को लगभग 30 घंटे बाद मिल गया। पुलिस ने सबको पोस्टमार्टम भेज अग्रिम कार्रवाई की।

थाना बाजार शुक्ल के प्रभारी विवेक कुमार वर्मा ने बताया कि किशनी गांव निवासी पवन कुमार गुप्ता (30) बुधवार को होली खेलने के बाद गांव के पास बने नवनिर्मित पीपापुल के पास अपने चचेरे भाइयों पंकज गुप्ता, निखिल गुप्ता और हिमांशु गुप्ता के साथ गोमती नदी में नहाने गए थे। दोपहर में सभी युवक पुल से नदी में कूदकर नहा रहे थे। इसी दौरान पवन गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ में मौजूद युवकों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में लापता हो गए। किसी तरह बाहर निकलकर साथियों ने परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि युवक के नदी में डूबने की घटना की सूचना मिलते ही तत्काल थाना पुलिस मौके पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व एनडीआरएफ टीम की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। लगातार 30 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद आज युवक का शव घटना स्थल से लगभग सात सौ मीटर दूर नदी में उतराता मिल गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, मृतक पवन मंगलवार को चंडीगढ़ से अपनी मां पार्वती और बहन बबिता के साथ गांव आए थे और इकलौता पुत्र था। करीब 20 वर्ष पहले उसके पिता का निधन हो गया था। वह चंडीगढ़ में फल की रेहड़ी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी
