–ऐसी प्रतिभाएं समाज के लिए प्रेरणा : डॉ कीर्तिका अग्रवाल

प्रयागराज, 16 अप्रैल (हि.स.)। प्रयागराज शहर की एक चार वर्षीय नन्ही बालिका सत्या भारती ने अद्भुत साहस और प्रतिभा का परिचय देते हुए मात्र 21 मिनट में 900 मीटर तैरकर यमुना नदी पार कर इतिहास रच दिया। इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है। इस असाधारण उपलब्धि पर शहर के प्रतिष्ठित समूह वात्सल्य ग्रुप की निदेशक डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने बच्ची को सम्मानित कर उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए एक सराहनीय पहल की है।
गुरूवार को डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने घोषणा की कि वह इस प्रतिभाशाली बच्ची की 12वीं कक्षा तक की शिक्षा निःशुल्क करवाने की जिम्मेदारी लेंगी। इसके तहत बच्ची की पढ़ाई प्रतिष्ठित संस्थान सेठ एम आर जयपुरिया स्कूल में कराई जाएगी। जहां उसे उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और बेहतर अवसर प्रदान किए जाएंगे। जहां पर तैराकी के लिए स्विमिंग पूल की व्यवस्था भी उपलब्ध है।
डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि, “ऐसी प्रतिभाएं समाज के लिए प्रेरणा होती हैं। हमें इन बच्चों को प्रोत्साहित करना चाहिए। ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहन देना समाज की जिम्मेदारी है, जिससे वे आगे चलकर देश का नाम रोशन कर सकें।” यह पहल न सिर्फ बच्ची के सपनों को नई उड़ान देगी, बल्कि समाज में शिक्षा और प्रतिभा के समर्थन का एक मजबूत संदेश भी देगी।
सत्या भारती के माता-पिता देवेंद्र एवं शिवानी ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही असाधारण प्रतिभा की धनी रही है। उनका कहना है कि सत्या ने बहुत छोटी उम्र से ही अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी थी। वह रोजाना सुबह शाम विभिन्न प्रकार की रचनात्मक, खेलकूद और साहसिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है। माता-पिता के अनुसार, सत्या में नई चीज़ें सीखने की जिज्ञासा और आत्मविश्वास शुरू से ही दिखाई देता रहा है। वह हर चुनौती को उत्साह के साथ स्वीकार करती है और उसे पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करती है। परिवार का मानना है कि यदि इसी तरह उसे प्रोत्साहन और सही मार्गदर्शन मिलता रहा, तो सत्या भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर देश और समाज का नाम रोशन करेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र
