नर्मदापुरम, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम शहर के कुलामढ़ी रोड स्थित एक ऑटो पार्ट्स दुकान में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। घटना उस वक्त हुई जब दुकान मालिक शटर बंद कर लंच के लिए घर गए हुए थे। कुछ ही देर में दुकान के भीतर आग भड़क उठी और देखते ही देखते करीब 3 से 3.5 लाख रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। सूचना के बाद माैके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, अनय ऑटो पार्ट्स की दुकान में दोपहर करीब 12:20 बजे आसपास के लोगों ने दुकान के बंद शटर के कोने से धुआं निकलते देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने जैसे ही शटर खोला, अंदर से तेज लपटें बाहर निकलने लगीं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच अभी जारी है।
ऊपरी मंजिल पर रहने वालों में दहशत
दुकान के ठीक ऊपर बने मकान में रहने वाले लोग अचानक उठती लपटों और धुएं से घबरा गए। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया, वरना नुकसान और बढ़ सकता था। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग उनके व्यवसाय को भारी नुकसान पहुंचा चुकी थी। मालिक के अनुसार, वे कुछ समय के लिए लंच करने गए थे और इसी दौरान यह हादसा हो गया। फिलहाल, आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
