-अयोध्या मंडल में 386 नए नलकूपों का निर्माण, सिंचाई सुविधाओं से लाभान्वित हो रहे किसान

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सिंचाई क्षेत्र में बड़ा बदलाव, किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में मजबूत कदम
-101 राजकीय नलकूपों पर स्मार्ट तकनीक, रियल-टाइम निगरानी से बढ़ी कार्यक्षमता
अयोध्या, 08 फ़रवरी (हि.स.)। मंडल में सिंचाई विभाग के प्रयासों से किसानों के लिए खुशखबरी है। यहां हाल के आठ वर्षों में 386 नए राजकीय नलकूपों का निर्माण किया गया है, जिससे लगभग 51 हजार हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो पाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सिंचाई क्षेत्र में आए इस बड़े बदलाव से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिशाषी अभियंता पंकज वर्मा ने रविवार काे बताया कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप हमने अयोध्या मंडल में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया है। 386 नए नलकूपों के निर्माण से न केवल असिंचित भूमि को पानी मिला है, बल्कि किसानों को समय पर और सुचारु जल आपूर्ति सुनिश्चित हुई है। इससे खेती की उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और किसान अब बहु-फसली खेती की ओर बढ़ रहे हैं। हर नए नलकूप के साथ वृक्षारोपण अनिवार्य किया गया है। यह न केवल सिंचाई प्रदान करता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की भी मिसाल पेश करता है। हमने पर्यावरण और कृषि दोनों को संतुलित रखने का प्रयास किया है।
रुक गई अनावश्यक बिजली की बर्बादी
पंकज वर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा अपनाई गई आधुनिक तकनीक भी सराहनीय है। 101 राजकीय नलकूपों पर स्मार्ट तकनीक स्थापित की गई है, जिसमें रियल-टाइम निगरानी, जल प्रवाह का नियंत्रण और ऊर्जा खपत पर प्रभावी प्रबंधन शामिल है। स्मार्ट नलकूपों से हम दूरस्थ रूप से मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इससे अनावश्यक बिजली की बर्बादी रुकी है, पानी का सदुपयोग बढ़ा है और किसानों को बिना किसी रुकावट के सिंचाई मिल रही है। यह तकनीक न केवल कार्यक्षमता बढ़ाती है, बल्कि रखरखाव की लागत भी कम करती है। किसान सीधे लाभान्वित हो रहे हैं, क्योंकि अब पानी की कमी या अनियमित आपूर्ति की समस्या लगभग समाप्त हो गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में आ गई क्रांति
अयोध्या मंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में इन नलकूपों ने क्रांति ला दी है। पहले जहां किसान महंगे डीजल पंपों पर निर्भर थे, अब सरकारी नलकूपों से सस्ती और विश्वसनीय सिंचाई मिल रही है। इससे फसल चक्र में सुधार आया है, गन्ना, धान, गेहूं जैसी फसलों के साथ-साथ सब्जियों और फलों की खेती भी बढ़ी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन सरकार सिंचाई को प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश स्तर पर भी हजारों नए नलकूपों का निर्माण और पुराने की मरम्मत हो रही है, लेकिन अयोध्या में यह प्रयास विशेष रूप से प्रभावी साबित हुआ है।
अयोध्या अब सिंचाई के क्षेत्र में मॉडल बनकर उभर रहा
अधिशासी अभियंता पंकज वर्मा ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर खेत तक पानी पहुंचे। आने वाले समय में और अधिक नलकूपों का निर्माण तथा स्मार्ट तकनीक का विस्तार किया जाएगा। किसानों की समृद्धि हमारी प्राथमिकता है। यह विकास न केवल कृषि को मजबूत कर रहा है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति दे रहा है। किसान अब आत्मविश्वास से खेती कर रहे हैं और आय में वृद्धि से उनका जीवन स्तर बेहतर हो रहा है। अयोध्या अब सिंचाई के क्षेत्र में एक मॉडल बनकर उभर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय
