मुंबई, 13 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के नवी मुंबई के ऐरोली सेक्टर 14 में शुक्रवार को एक जेसीबी मशीन और मोटरसाइकिल की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में जेसीबी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

रबाले पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर बालकृष्ण सावंत ने बताया कि आज जेसीबी चालक ऐरोली के सेक्टर 14 में न्यू होराइजन स्कूल के सामने से गुजर रहा था। इसी दरम्यान मोटरसाइकिल से दो युवक आ रहे थे। जेसीबी चालक ने सामने से आ रहे मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दिया।
इस घटना में मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उनकी मदद करने की कोशिश की, लेकिन उनकी चोटें बहुत गंभीर होने के कारण दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दिग्विजय बाबासाहब डिंडे (17) और हर्षद सवार्डेकर (18) के रुप में की गई है। रबाले पुलिस स्टेशन की टीम ने दोनों युवकों का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जेसीबी चालक हनुमंत मारुति शिंदे को गिरफ्तार कर लिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
