जबलपुर, 11 मार्च (हि.स.)। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों पर ही शराब माफियाओं से सांठगांठ के आरोप लगने से बुधवार को घमापुर थाना परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता दोपहर करीब 2 बजे घमापुर थाने पहुंच गए और थाना परिसर के सामने धरने पर बैठ गए।

धरने के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने घमापुर थाने में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि संगठन द्वारा क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। जब भी उन्हें अवैध शराब कारोबारियों की जानकारी मिलती है, तो वे इसकी सूचना घमापुर थाने में देते हैं।
पदाधिकारियों का आरोप है कि थाने में तैनात दोनों पुलिसकर्मी वही सूचना शराब माफियाओं तक पहुंचा देते हैं, जिसके कारण अवैध शराब का कारोबार पूरे घमापुर क्षेत्र में लगातार फल-फूल रहा है। इससे पुलिस कार्रवाई से पहले ही आरोपी सतर्क हो जाते हैं और कार्रवाई प्रभावी नहीं हो पाती।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए थाना परिसर में धरना दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा।
धरने की सूचना मिलते ही थाना परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक
