नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी दिल्ली के नांगलोई इलाके में शनिवार शाम एक अचार बनाने वाली फैक्टरी में दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्टरी के एक कुएं में बेहोश हुए मजदूर को बचाने के लिए नीचे उतरे फैक्टरी मालिक और उनके बेटे की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों की हालत बिगड़ गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम नांगलोई थाने में एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि एक अचार फैक्टरी के कुएं में 2-3 लोग गिर गए हैं। सूचना मिलते ही नांगलोई थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस की जांच में पता चला कि घटना डी-25, राव विहार, नांगलोई, दिल्ली स्थित एक मकान में हुई। इस मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अचार बनाने की फैक्टरी संचालित होती है, जबकि उसके मालिक अनिल (60) अपने परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहते थे। फैक्टरी के अंदर करीब 10 फुट गहरे चार से पांच कुएं बने हुए हैं, जिनमें अचार तैयार किया जाता है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को फैक्टरी में काम करने वाला एक मजदूर अचार बनाने के लिए इनमें से एक कुएं में उतरा था। इसी दौरान कुएं के अंदर दम घुटने के कारण वह बेहोश होकर गिर पड़ा। मजदूर को बचाने के लिए फैक्टरी मालिक अनिल और उनके दो बेटे नीरज (32) और संदीप (28) भी कुएं में उतर गए।
हालांकि कुएं के अंदर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस होने के कारण तीनों भी कुछ ही देर में बेहोश हो गए। इसके बाद अनिल के भाई सुभाष और आसपास मौजूद अन्य लोगों ने मिलकर चारों को कुएं से बाहर निकाला।
बाहर निकालने के बाद देखा गया कि अनिल और उनके बेटे नीरज की हालत बेहद गंभीर थी और वे होश में नहीं आ रहे थे। तुरंत उन्हें संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं मजदूर और संदीप को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर यह मामला कुएं के अंदर दम घुटने के कारण बेहोशी का लग रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कुएं के अंदर जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी कैसे हुई, जिससे यह हादसा हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
