उत्तरकाशी, 25 फरवरी (हि.स.)। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुरोला क्षेत्र से लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में संलिप्त आरोपित युवक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अपहरण सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुरोला क्षेत्र से 15 फरवरी को एक नाबालिग बालिका संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने प्रारंभिक स्तर पर खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी न मिलने पर पुरोला चौकी में गुमशुदगी की तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू की।

जांच के दौरान सामने आया कि एक युवक ने नाबालिग को विवाह का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खोजबीन तेज की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने नाबालिग को टिहरी जनपद के घनसाली क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही आरोपित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ अपहरण और अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए आवश्यक बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बरामदगी के बाद दोनों को विधिक प्रक्रिया के तहत जिला न्यायालय उत्तरकाशी में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में फैली आशंकाओं पर विराम लगा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का आभार जताया है।
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल
